फुसरो नगर परिषद चुनाव: 65 बूथों पर आज होगा मतदान, 65 हजार से अधिक मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

स्थान: फुसरो, बोकारो फुसरो नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को नगर परिषद क्षेत्र के 28 वार्डों में अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के लिए मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के 9 और पार्षद पद के 129 प्रत्याशियों समेत कुल 138 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 65,082 मतदाता करेंगे।

मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। रविवार को ही सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मी बैलेट पेपर और मतपर्चियों के साथ पहुंच गए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस जवानों की भी तैनाती कर दी गई है।

हिंदुस्तान पुल फुसरो में बनाए गए चेकनाका पर बोकारो की ओर से आने वाले मतदान कर्मियों का मिलान करने के बाद उन्हें संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान कर्मियों के रहने, खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था मतदान केंद्रों पर ही की गई है।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए बेरमो प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। वहीं, मतदान से एक दिन पहले रविवार को विभिन्न प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।

65 मतदान केंद्रों में 19 अति संवेदनशील

फुसरो नगर परिषद चुनाव के लिए कुल 43 भवनों में 65 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन की ओर से संवेदनशीलता के आधार पर बूथों का वर्गीकरण भी किया गया है।

कुल 65 बूथों में 19 अति संवेदनशील, 36 संवेदनशील और 10 सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी।

325 मतदान कर्मियों के जिम्मे चुनाव प्रक्रिया, 520 जवान संभालेंगे सुरक्षा

चुनाव को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 65 मतदान केंद्रों पर कुल 325 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 35 कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है।

प्रत्येक बूथ पर पांच मतदान कर्मी तैनात रहेंगे। इनमें चार मतदान पदाधिकारी (पी-1, पी-2, पी-3 और पी-4) के साथ एक पीठासीन पदाधिकारी शामिल होंगे।

सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 520 पुलिस जवानों को सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त 50 से अधिक जवान रिजर्व में रखे गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पुलिस पदाधिकारी के साथ सात जवान तैनात रहेंगे।

पांच आदर्श और चार पर्दानशीन मतदान केंद्र बनाए गए

मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में पांच आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इनमें वार्ड संख्या 13 के मध्य विद्यालय ढोरी के कमरा नंबर 1, 2 और 3 तथा वार्ड संख्या 23 के सामुदायिक भवन सह वार्ड विकास केंद्र फुसरो के ब्लॉक ए और बी शामिल हैं।

इसके अलावा चार पर्दानशीन मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। इनमें वार्ड संख्या 21 के राम रतन उच्च विद्यालय ढोरी के कमरा नंबर 1 और 2 तथा वार्ड संख्या 25 के नव प्राथमिक विद्यालय राजाबेड़ा के कमरा नंबर 1 और 2 शामिल हैं।

अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए मिलेगी अलग-अलग रंग की पर्ची

मतदान के दौरान मतदाताओं को दो अलग-अलग रंग की मतपर्चियां दी जाएंगी। अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी रंग की पर्ची और वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद रंग की पर्ची मिलेगी।

मतदाताओं को दोनों पदों के लिए अपनी पसंद के प्रत्याशी के सामने निर्धारित स्थान पर मुहर लगाकर मतदान करना होगा।

मतदान के लिए पहचान पत्र ले जाना जरूरी

मतदान करने के लिए मतदाताओं को निर्धारित 12 पहचान पत्रों में से कोई एक साथ लेकर जाना होगा। इनमें मतदाता पहचान पत्र, फोटोयुक्त मतदाता पर्ची, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और पैन कार्ड शामिल हैं।

इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार तथा सार्वजनिक उपक्रमों की ओर से जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर, मनरेगा जॉब कार्ड, फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड और फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज भी पहचान के लिए मान्य होंगे।

प्रशासन की ओर से मतदाताओं से निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई है। अब सबकी नजर सोमवार को होने वाले मतदान और इसके बाद आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
Category
Chat Now
Search
Scroll to Top